हमला करने वाले लोगों की पहचान कन्फर्म नहीं है। जानकारी के मुताबिक चुनाव आयोग ने वीडियो में दिख रहे सभी लोगों की तुरंत गिरफ्तारी करने के आदेश दे दिए हैं। उधर, राज्य में कई जगह BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें आ रही हैं। कई जगह EVM खराब होने की शिकायत भी आई हैं।
मुर्शिदाबाद के नौदा में वोटिंग से पहले बुधवार देर रात देसी बम फेंका गया था और इसमें कई लोग घायल हो गए थे। इसके बाद आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के चीफ हुमायूं कबीर सुबह घटनास्थल पर पहुंचे तो उनका विरोध हुआ। इस दौरान TMC कार्यकर्ताओं के साथ उनकी झड़प भी हुई। इसके बाद वे धरने पर बैठ गए।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस TMC कार्यकर्ताओं के साथ गुंडागर्दी कर रही है। हमारे समर्थकों के साथ मारपीट की जा रही है। सिलीगुड़ी में भी वोटिंग के दौरान BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई।
वहीं मालदा के एक बूथ पर ईवीएम खराब होने से हंगामा हो गया। लोगों ने चुनाव अधिकारी को घेर लिया और आपत्ति जताई। इस बीच पूरे राज्य में सुबह से पोलिंग बूथ पर लंबी कतारें दिख रही हैं। यहां महिलाओं की संख्या ज्यादा है। ऐसा ही हाल तमिलनाडु में देखा जा रहा है।
बंगाल में मुख्य मुकाबला TMC और BJP के बीच है। यहां के बूथों पर वेबकास्टिंग (लाइव मॉनीटरिंग) के जरिए चुनाव आयोग निगरानी कर रहा है। राज्य की बाकी 142 सीटों पर दूसरे फेज में 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। नतीजा 4 मई को आएगा।

Comments
Post a Comment